Thursday, 31 January 2013


मुंबई:शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा है कि एनडीए की तरफ से पीएम उम्मीदवार का नाम जल्द तय होना चाहिए. 'दोपहर का सामना' अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने हालांकि सीधे तौर पर किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन शिवसेना सुषमा स्वराज का नाम सुझाती रही है. 

दो दिन पहले भी शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा है कि सुषमा का नाम बाल ठाकरे ने लिया था इसलिए शिवसेना सुषमा के साथ ही है. 

'दोपहर का सामना' अखबार को दिए इंटरव्यू में उद्धव ने पीएम पद को बीजेपी का सवाल बताते हुए कहा है कि वो अभी इसमें क्यों पड़ें? 

हालांकि जब उनसे पूछा गया कि बालासाहेब ने सुषमा स्वराज का नाम लिया था तो उद्धव ने कहा, 'निश्चित. बालासाहेब ने सुषमा स्वराज का नाम पहले लिया था, लेकिन मैं हमेशा कहता आया हूं कि कि एनडीए के जो घटक दल हैं उनके बीच का संवाद अधिक दृढ़ होना चाहिए. एनडीए के जो कोई भी कोऑर्डिनेटर अर्थात संवादकर्ता हैं उन्हें इस बारे में नेतृत्व करना चाहिए.'

प्रधानमंत्री का पद आपकी राय क्या है, इस सवाल के जवाब में उद्धव ने कहा, 'ऐन वक्त पर दुविधा नहीं होनी चाहिए. प्रधानमंत्री पद के लिए अगले अप्रैल-मई में चुनाव होने वाले हैं. उस समय प्रधानमंत्री का उम्मीदवार देना ही होगा तो उस पर अभी से विचार-विमर्श होना चाहिए और इस पर चर्चा करने में हर्ज ही क्या है? सारे लोग एक होकर तय करो नाम। क्या आपत्ति है? बालासाहेब ने जिस तरह सुषमा स्वराज का नाम सुझाया है और कोई नाम तुम्हारे पास है लाओ आगे. बात करेंगे सब, लेकिन जल्दी करो. राष्ट्रपति चुनाव की तरह व्यवहार मत करो. हमें देश के प्रधानमंत्री का चयन करना होगा.'

उद्धव से पहले शिवसेना की तरफ से संजय राउत ने भी बालासाहेब का जिक्र करते हुए सुषमा के नाम को ही आगे बढ़ाया था. हालांकि एनडीए के दूसरे घटक दलों का अलग-अलग रुख सामने आया है.   

जेडीयू गुजरात के मुख्‍यमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का विरोध कर रही है तो शिरोमणि अकाली दल ने पीएम पद की उम्मीदवारी के लिए साफ तौर पर मोदी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन उन्हें अच्छा प्रशासक बताते हुए उनकी तारीफ जरूर की. 

पंजाब के उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने हालांकि साफ कर दिया है कि शिरोमणि अकाली दल बीजेपी और एनडीए के फैसले के साथ है.

वहीं, बीजेपी में यशवंत सिन्हा के बाद रामजेठमलानी ने भी मोदी का समर्थन किया था; हालांकि इस मुद्दे पर लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने कहा था कि अभी तो उम्मीदवार घोषित करने या न करने पर ही कोई फैसला नहीं हुआ है.

No comments:

Post a Comment